
Horoscope September 2026 All Zodiac Signs: यह सितंबर हर किसी के लिए कुछ न कुछ नए सरप्राइज लेकर आने वाला है. महीने की शुरुआत 2 तारीख से ही दिलचस्प रहेगी, जब शुक्र तुला राशि में चले जाएंगे. इससे आपके आपसी रिश्ते, दोस्ती और लोगों से मिलना-जुलना थोड़ा ज्यादा अहम हो जाएगा. फिर 7 सितंबर को बुध का कन्या राशि में आना काम-काज, पढ़ाई, पैसों के हिसाब और पुराने अटके फैसलों को पटरी पर ले आएगा.
महीने का असली टर्निंग पॉइंट 17 और 18 सितंबर के आसपास आएगा. 17 को सूर्य कन्या राशि में जाएंगे और अगले ही दिन मंगल कर्क राशि में. इस फेरबदल से एक तरफ जहाँ करियर में अचानक नई तेजी आ सकती है, वहीं दूसरी तरफ कुछ लोगों को परिवार या पैसों से जुड़े मसलों पर तुरंत ध्यान देना पड़ सकता है. महीने के आखिर में 26 तारीख को बुध के तुला में जाते ही रुकी हुई बातें आगे बढ़ेंगी, नए समझौते होंगे और अटके काम पूरे होते दिखेंगे. अब देखना यह होगा कि इस महीने ग्रहों की यह चाल आपकी लाइफ के किस हिस्से को सबसे ज्यादा बदलती है.
सितंबर 2026 का मेष राशिफल
महीने की शुरुआत में कोई भी बड़ा फैसला लेने से पहले थोड़ा ठहर जाना ही समझदारी होगी. किसी सहकर्मी, क्लाइंट या बिजनेस पार्टनर के साथ बात करने से लंबे समय से चली आ रही कोई उलझन सुलझ सकती है. इस दौरान रोजमर्रा की भागदौड़ और अधूरे कामों को निपटाने पर आपका जोर रहेगा, चाहे शेड्यूल सही करना हो, कागजी काम पूरे करने हों या रोज की कोई किचकिच खत्म करनी हो.
महीने के बीच में अपने काम में सफाई और कुशलता दिखाना बहुत जरूरी हो जाएगा. महीने के दूसरे हिस्से में आपका ध्यान घर-परिवार की ओर ज्यादा रहेगा. ऑफिस का काम और घर की जिम्मेदारियां आपस में टकरा सकती हैं, इसलिए दफ्तर की झुंझलाहट को परिवार वालों पर न निकालें. पैसों के मामले में सिर्फ अपना मूड ठीक करने या मन बहलाने के लिए फालतू खर्च करने से बचें. महीने का आखिरी हफ्ता किसी इंटरव्यू, अहम बातचीत, डील या जरूरी चर्चा के लिए बेहद शानदार रहने वाला है.
उपाय: मंगलवार के दिन हनुमान जी को सिंदूर और चोला चढ़ाएं. इससे आप जल्दबाजी में गलत फैसले लेने से बचे रहेंगे.
सितंबर 2026 का वृषभ राशिफल
सितंबर का महीना आपकी रोजमर्रा की जिंदगी को थोड़ा बेहतर और व्यवस्थित करने में मदद करेगा. महीने की शुरुआत में ऑफिस और काम का माहौल काफी अच्छा रहेगा. सहकर्मियों के साथ ट्यूनिंग बेहतर होगी और आप काम के साथ-साथ अपनी पर्सनल लाइफ के लिए भी आसानी से वक्त निकाल पाएंगे. इस दौरान पढ़ाई, क्रिएटिव काम और लंबे समय से दिमाग में चल रहे आइडियाज पर आपका जोर रहेगा. अगर आप कोई नया कोर्स, प्रोजेक्ट या कोई नया हुनर सीखने की सोच रहे हैं, तो शुरुआत करने का यह बिल्कुल सही समय है.
महीने के मध्य के बाद आपका आत्मविश्वास बढ़ेगा और अपने फैसलों पर भरोसा और मजबूत होगा. इस समय भागदौड़, यात्राएं, पढ़ाई और परिवार में बातचीत थोड़ी बढ़ सकती है. बस एक बात का ध्यान रखें कि जब मन थोड़ा भावुक हो, तो सोच-समझकर ही बोलें. छात्रों को सलाह है कि आखिरी मौके के रट्टे से बचें और शुरू से ही पढ़ाई का एक सही रूटीन बनाकर चलें. पैसों के मामले में यह महीना आंख मूंदकर खर्च करने का नहीं, बल्कि बजट बनाने और बचत पर ध्यान देने का है. महीने का आखिरी हफ्ता किसी भी ऐसी बातचीत के लिए बहुत बढ़िया रहेगा जहां दोनों पक्षों का बैठकर मसला सुलझाना जरूरी हो.
उपाय: शुक्रवार के दिन मां लक्ष्मी की आरती करें और उन्हें सफेद फूल चढ़ाएं. इससे दिमाग शांत रहेगा और फैसलों में स्पष्टता आएगी.
सितंबर 2026 का मिथुन राशिफल
सितंबर की शुरुआत में आपका दिमाग नए-नए विचारों और योजनाओं से भरा रहेगा. नए लोगों से मिलने, नए काम शुरू करने और चीजों को आगे बढ़ाने की जबरदस्त ऊर्जा आपके अंदर दिखेगी. बस एक बात का ध्यान रखें कि एक साथ बहुत सारे काम अपने हाथ में न लें, वरना बाद में संभालना मुश्किल हो जाएगा. शुरुआती दिनों में लव लाइफ, दोस्तों के साथ वक्त बिताने और अपनी क्रिएटिविटी दिखाने के लिए काफी अच्छे रहेंगे. हालांकि, पहले हफ्ते के बाद आपका पूरा ध्यान घर-परिवार की जिम्मेदारियों पर आ जाएगा, चाहे घर का कोई रुका हुआ काम हो, कोई जरूरी फैसला हो या परिवार में काफी समय से टाली जा रही कोई बातचीत.
महीने के मध्य तक इन घरेलू मामलों को टालना नामुमकिन हो जाएगा. इसके साथ ही, पैसों की स्थिति और आर्थिक सुरक्षा को लेकर भी थोड़ी चिंता बढ़ सकती है. बिना सोचे-समझे या भावना में बहकर खर्च करने से बचें और कहीं भी नया निवेश या आर्थिक वादा करने से पहले दो बार जरूर सोच लें.
अगर घर में पहले से थोड़ा तनाव चल रहा है, तो बात करते वक्त शब्दों का चयन संभलकर करें, क्योंकि बहस तीखी हो सकती है. छात्रों और नौकरीपेशा लोगों के लिए एक रूटीन बनाकर चलना ही सही रहेगा. महीने का आखिरी हफ्ता टीमवर्क, जरूरी बातचीत और अटके हुए व्यावहारिक मामलों को सुलझाने के लिए सबसे बढ़िया साबित होगा.
उपाय: बुधवार के दिन गाय को हरा चारा खिलाएं. इससे मन का भटकाव कम होगा और मानसिक शांति मिलेगी.
सितंबर 2026 का कर्क राशिफल
सितंबर का यह महीना आपके कॉन्फिडेंस को एक अलग ही लेवल पर ले जाएगा. शुरुआत में आपका मन घर-परिवार, आराम और अपनी पर्सनल लाइफ पर ज्यादा रहेगा. दिल करेगा कि आसपास के माहौल को थोड़ा खुशनुमा बनाया जाए और अपनों के साथ वक्त बिताया जाए. इस दौरान आपकी बातचीत और समझाने का तरीका काफी असरदार रहेगा, जिससे किसी मीटिंग, प्रेजेंटेशन, कागजी काम या बड़े फैसलों में आपको सीधा फायदा मिलेगा. महीने के बीच तक आप अपनी बात को बेझिझक दूसरों के सामने रख पाएंगे.
महीने का दूसरा हिस्सा आपके लिए सबसे बड़ा बदलाव लेकर आ सकता है. आपके अंदर एक अलग ही जोश और कुछ कर गुजरने की जिद दिखाई देगी. लंबे समय से दिमाग में चल रही किसी योजना पर आप आखिरकार काम शुरू कर सकते हैं. बस इस बात का ध्यान रखें कि जोश-जोश में बहुत सारी जिम्मेदारियां अपने सिर न ले लें, वरना थकान हावी हो सकती है. घर की साज-सज्जा या जरूरतों पर कुछ अनचाहे खर्चे भी हो सकते हैं. रिश्तों के मामले में भावनाएं थोड़ी हावी रह सकती हैं, लेकिन महीने के जाते-जाते आप घर के किसी भी मसले को बहुत ही शांति और समझदारी से सुलझा लेंगे.
उपाय: सोमवार के दिन शिवलिंग पर थोड़ा सा कच्चा दूध और बेलपत्र चढ़ाएं. इससे मन शांत रहेगा और भावनाएं नियंत्रण में रहेंगी.
सितंबर 2026 का सिंह राशिफल
सितंबर की शुरुआत आपके अंदर एक अलग ही जोश और कमान संभालने का जज्बा लेकर आएगी. आपकी बातचीत और काम-काज के रिश्ते पहले से काफी बेहतर होंगे. आपकी जान-पहचान में मौजूद कोई व्यक्ति ऐन वक्त पर काम आ सकता है, या किसी से हुई एक साधारण सी बातचीत आपकी किसी पुरानी समस्या को चुटकी में हल कर सकती है. इसके तुरंत बाद आपका ध्यान जेब और बजट पर जाएगा. यह समय अपने फालतू खर्चों, सब्सक्रिप्शन और बचत की योजनाओं को दोबारा जांचने के लिए एकदम सही है.
महीने के बीच के बाद पैसों को लेकर थोड़े व्यावहारिक और कड़े फैसले लेने पड़ेंगे. इसी दौरान भागदौड़ से हटकर आपको थोड़े सुकून और खुद के लिए वक्त निकालने की जरूरत महसूस हो सकती है. अगर काम का बोझ बहुत ज्यादा रहा है, तो शरीर को थोड़ा आराम देना न भूलें, जबरदस्ती खुद को प्रेशर न दें. रिश्तों में भी यह मानकर न बैठें कि सामने वाला आपकी मन की बात खुद ही समझ जाएगा, जो भी हो साफ-साफ कह दें. महीने का आखिरी हफ्ता किसी समझौते, डील या जरूरी चर्चा के लिए बहुत शुभ रहेगा. कुल मिलाकर, यह महीना आपको कामयाबी तभी देगा जब आप आत्मविश्वास के साथ-साथ थोड़ी समझदारी और प्लानिंग से चलेंगे.
उपाय: रविवार की सुबह तांबे के लोटे से सूर्यदेव को अर्घ्य दें. इससे आपका आत्मविश्वास और निर्णय लेने की क्षमता बनी रहेगी.
सितंबर 2026 का कन्या राशिफल
सितंबर का यह महीना आपके लिए बेहद खास रहने वाला है. महीने की शुरुआत में आपकी बातचीत का अंदाज, काम में फोकस, प्लानिंग और फैसले लेने की क्षमता बहुत मजबूत रहेगी. हालांकि, पहला हफ्ता थोड़ा थकाऊ हो सकता है कुछ अधूरे काम सामने आ सकते हैं या ऐसा लग सकता है कि आपकी मेहनत को वह पहचान नहीं मिल रही जिसके आप हकदार हैं. ऐसे में थोड़ा धैर्य रखें, चीजें जल्द ही आपके पक्ष में होंगी.महीने के मध्य तक आपके आत्मविश्वास में जबरदस्त उछाल आएगा, जो आपको एक मजबूत सहारा देगा.
अगर आप लंबे समय से नई नौकरी के लिए अप्लाई करने, कोई नया आइडिया पेश करने, नया प्रोजेक्ट शुरू करने या ऑफिस में बड़ी जिम्मेदारी मांगने की सोच रहे थे, तो कदम बढ़ाने का यह बिल्कुल सही मौका है.इसी दौरान दोस्तों, पुराने साथियों और पेशेवर लोगों से आपका मेल-जोल बढ़ेगा. किसी जान-पहचान के जरिए आपको कमाई या करियर का कोई नया रास्ता मिल सकता है.
पैसों के मामले में आपका ध्यान कुछ बेवजह के खर्चों पर जाएगा और आप अपनी बचत को बढ़ाने का कोई बेहतर तरीका ढूंढ निकालेंगे. सेहत को लेकर बहुत ज्यादा चिंता करने के बजाय एक नॉर्मल और संतुलित रूटीन अपनाएं, इससे सेहत में खुद-ब-खुद सुधार दिखेगा. महीने के आखिरी हफ्ते में कमाई बढ़ाने और पैसों से जुड़े मसलों को सुलझाने पर आपका मुख्य फोकस रहेगा.
उपाय: बुधवार के दिन किसी भी हरी चीज (जैसे हरी सब्जियां, हरा कपड़ा या मूंग दाल) का दान करें. इससे आपके फैसले लेने की क्षमता और मजबूत होगी.
सितंबर 2026 का तुला राशिफल
सितंबर का महीना आपके लिए काफी खास और खुद से जुड़ने वाला रहेगा. महीने की शुरुआत से ही आपके अंदाज, आत्मविश्वास और पर्सनालिटी में एक अलग ही निखार दिखेगा. अगर पार्टनर के साथ कोई अनबन या गलतफहमी चल रही थी, तो उसे बातचीत से सुलझाना बहुत आसान हो जाएगा. जो लोग सिंगल हैं, वे भी अपनी बातों और सहज स्वभाव से दूसरों का ध्यान अपनी तरफ खींच लेंगे.
पहले हफ्ते के बाद माहौल थोड़ा शांत होगा. आपका मन लाइमलाइट से दूर रहकर सुकून से काम करने, पुराने फैसलों के बारे में सोचने और अपनी प्लानिंग को प्राइवेट रखकर पूरा करने में ज्यादा लगेगा. महीने के बीच में आते-आते अधूरे पड़े मसलों को निपटाने की एक नई रफ्तार दिखेगी. इसी दौरान करियर में काम का दबाव भी बढ़ सकता है. ऑफिस में कोई नई जिम्मेदारी मिलने से आपकी पहचान तो बढ़ेगी, लेकिन उसमें वक्त और मेहनत भी काफी लगेगी, इसलिए ध्यान रखें कि काम की थकान घर के माहौल पर हावी न हो.
पैसों के मामले में कपड़ों, सौंदर्य, साज-सज्जा और घूमने-फिरने के शौक पर थोड़ा कंट्रोल रखें. महीने का आखिरी हफ्ता आपके लिए हर लिहाज से शानदार रहेगा. यह समय किसी नौकरी के इंटरव्यू, सैलरी बढ़ने की बात, डील पक्की करने या रिश्तों से जुड़ी किसी भी गंभीर बात को आगे बढ़ाने के लिए सबसे मुफीद साबित होगा.
उपाय: शुक्रवार के दिन साफ सफेद कपड़े पहनें और शुक्रदेव के मंत्र (“ॐ शुं शुक्राय नमः”) का जाप करें. इससे जीवन में सुख-समृद्धि बढ़ेगी और रिश्तों में मिठास बनी रहेगी.
सितंबर 2026 का वृश्चिक राशिफल
सितंबर की शुरुआत में आपका मन थोड़ा खिंचा-खिंचा और अकेला रहने का कर सकता है. गैर-जरूरी बातचीत से दूर रहकर आप शांति से अपने निजी मामलों को समझना चाहेंगे. आपको ऐसा लग सकता है कि बीते कुछ दिनों में कुछ बातों ने आपकी बेवजह बहुत ज्यादा इमोशनल एनर्जी ले ली है. हालांकि, पहले हफ्ते के बीतते ही माहौल बदलेगा. आपका ध्यान अपने नेटवर्क, आगे की प्लानिंग और काम के नए अवसरों की तरफ जाने लगेगा. महीने के मध्य तक आपकी विजिबिलिटी बढ़ेगी, जिससे आपकी पुरानी मेहनत को आखिरकार पहचान और तारीफ मिल सकती है.
महीने के दूसरे हिस्से में यात्रा, पढ़ाई, कुछ नया सीखने और खुद को ग्रूम करने के बेहतरीन योग बन रहे हैं. अगर आप काफी समय से कोई नई स्किल सीखने या पढ़ाई से जुड़ा काम शुरू करने की सोच रहे थे, तो आपकी प्रेरणा फिर से लौट आएगी. बस अपने शेड्यूल को इतना ज्यादा न भरें कि आराम के लिए वक्त ही न बचे. पैसों के लेन-देन और अपनी गुप्त बातों के मामले में थोड़ी गोपनीयता बनाए रखना ही बेहतर होगा. महीने का आखिरी हफ्ता किसी शांत माहौल में बैठकर यह सोचने के लिए बहुत बढ़िया रहेगा कि अब आपको अपना पूरा ध्यान किस दिशा में लगाना है.
उपाय: मंगलवार के दिन हनुमान चालीसा का पाठ करें. इससे मन को शांति और काम में स्थिरता मिलेगी.
सितंबर 2026 का धनु राशिफल
सितंबर का महीना आपके करियर को लेकर एक नई गंभीरता लेकर आ रहा है. महीने की शुरुआत में दोस्तों, सहयोगियों और पेशेवर नेटवर्क के साथ आपका तालमेल बहुत मजबूत रहेगा. कोई पुराना सहकर्मी, गाइड या दोस्त ऐसी सलाह दे सकता है जो आपके बहुत काम आए, या फिर वह आपकी मुलाकात किसी बड़े और काम के इंसान से करवा सकता है. इसके तुरंत बाद आप अपने काम को लेकर काफी व्यवस्थित हो जाएंगे, चाहे फाइलें दुरुस्त करनी हों, डेडलाइन पूरी करनी हो या कोई नई जिम्मेदारी संभालनी हो, आपका ध्यान हर बारीक बात पर रहेगा. महीने के बीच तक ऑफिस में आपका दबदबा और पहचान दोनों बढ़ेगी.
महीने के दूसरे हिस्से में संयुक्त पैसों या पार्टनरशिप से जुड़े मामलों में थोड़ी सावधानी बरतने की जरूरत है. लोन, टैक्स, प्रॉपर्टी, इंश्योरेंस या किसी के साथ मिलकर किए गए निवेश को लेकर कोई भी फैसला सोच-समझकर ही लें. इस दौरान जल्दबाजी में न तो किसी को उधार दें और न ही खुद लें. रिश्तों में भी, खासकर जहाँ पैसों का लेन-देन शामिल हो, साफ-साफ बात करना और सही सीमाएँ तय करना बहुत जरूरी रहेगा. महीने का आखिरी हफ्ता किसी बड़े समझौते, नौकरी में बातचीत और डील्स पक्की करने के लिए बहुत बढ़िया रहेगा.
उपाय: गुरुवार के दिन किसी मंदिर में या जरूरतमंद को पीली चीजें (जैसे चने की दाल, केले या बेसन के लड्डू) दान करें. इससे गुरु बृहस्पति की विशेष कृपा मिलेगी.
सितंबर 2026 का मकर राशिफल
सितंबर का महीना आपके करियर और काम-काज को एक नई रफ्तार देगा. महीने की शुरुआत में दफ्तर का माहौल, सहकर्मियों और सीनियर्स के साथ आपकी ट्यूनिंग काफी बढ़िया रहेगी. काम के सिलसिले में कोई बड़ा अधिकारी या सीनियर आपके काम की तारीफ कर सकता है या कोई काम की सलाह दे सकता है. इसके तुरंत बाद नई चीजें सीखने, प्लानिंग करने, ट्रैवल और अपनी स्किल्स को अपग्रेड करने के लिए समय बहुत अनुकूल रहेगा. अगर आप काफी समय से कोई नया कोर्स करने, कोई स्किल सीखने या नौकरी बदलने की सोच रहे थे, तो रिसर्च शुरू करने का यह एकदम सही वक्त है.
महीने के बीच के बाद लंबे समय के करियर गोल्स पर आपका ध्यान और मजबूत होगा. इसी दौरान पार्टनरशिप से जुड़े काम और रिश्ते ज्यादा एक्टिव रहेंगे. बिजनेस पार्टनर, क्लाइंट्स, दफ्तर के सहकर्मी या जीवनसाथी को आपकी थोड़ी ज्यादा जरूरत महसूस हो सकती है. अगर किसी बात पर मतभेद हो, तो उसे बहस बनाने के बजाय बैठकर सुलझाना बेहतर होगा. पैसों की स्थिति कुल मिलाकर सामान्य रहेगी, बस साझे में होने वाले खर्चों पर थोड़ी नजर रखें. इमोशनल होकर या बहकावे में आकर पैसों का कोई फैसला न लें. महीने का आखिरी हफ्ता किसी इंटरव्यू, एग्रीमेंट, बिजनेस डील या जरूरी बात निपटाने के लिए सबसे बढ़िया रहेगा.
उपाय: शनिवार की शाम पीपल के पेड़ के नीचे सरसों के तेल का दीपक जलाएं. इससे करियर में स्थिरता आएगी और रुकावटें दूर होंगी.
सितंबर 2026 का कुंभ राशिफल
सितंबर का महीना आपके लिए कुछ नया सीखने, पैसों का हिसाब-किताब दुरुस्त करने और थोड़ी भागदौड़ भरा रहने वाला है. महीने की शुरुआत में यात्रा, पढ़ाई, ट्रेनिंग या किसी नए अनुभव से जुड़ने का बढ़िया मौका मिलेगा. किसी अलग पृष्ठभूमि या नए विचार वाले इंसान से हुई बातचीत आपको जिंदगी को एक नए नजरिए से देखने में मदद कर सकती है. इसके बाद आपका पूरा ध्यान साझा पैसों पर आ टिकेगा, चाहे लोन हो, टैक्स, इंश्योरेंस, निवेश हो या बैंक से जुड़े दस्तावेज, इन्हें ध्यान से जांचना-परखना बहुत जरूरी होगा.
महीने के मध्य के बाद काम का दबाव और रोजमर्रा की भागदौड़ थोड़ी बढ़ सकती है. व्यस्त दिनचर्या के कारण थकान महसूस हो सकती है, इसलिए काम पूरा करने के चक्कर में अपनी नींद और सेहत से समझौता न करें. रिश्तों के मामले में, अगर काम की वजह से आप समय न दे पा रहे हों, तो अचानक चुप होने या दूरी बनाने के बजाय अपने साथी से साफ-साफ बात कर लें. महीने का आखिरी हफ्ता पढ़ाई, यात्रा, नई डील और करियर में लंबे समय के फायदों पर बात करने के लिए बहुत ही शुभ रहेगा.
उपाय: शनिवार के दिन काले तिल का दान करें. इससे आर्थिक मामलों में आ रही रुकावटें दूर होंगी और काम में स्थिरता आएगी.
सितंबर 2026 का मीन राशिफल
सितंबर का यह महीना आपसे कहेगा कि आप थोड़ा ठहरें और अपनी जिम्मेदारियों, आने वाले कल के फैसलों और अपनी असल जरूरतों पर ईमानदारी से गौर करें. महीने की शुरुआत में साझे के पैसों, आपसी भरोसे और दिल के रिश्तों पर ज्यादा ध्यान रहेगा. लाइफ पार्टनर या बिजनेस पार्टनर के साथ पैसों और उम्मीदों को लेकर खुलकर बात करना फायदेमंद रहेगा, छिपाने के बजाय सब साफ-साफ कह देना ही सही रहेगा. इसके बाद सहकर्मियों, क्लाइंट्स और करीबी दोस्तों के साथ तालमेल काफी बेहतर हो जाएगा और मिलकर काम करने से राह आसान होगी.
महीने के मध्य के बाद आपकी लव लाइफ, क्रिएटिव कामों, पढ़ाई और हॉबीज में एक नया उत्साह देखने को मिलेगा. आखिरकार आपको उन चीजों के लिए फुर्सत मिल ही जाएगी जो आपके दिल के करीब हैं. हालांकि, पैसों के मामले में, खासकर बड़े निवेश या किसी को बड़ा वादा करने से पहले, थोड़ा संभलकर चलें. सिर्फ किसी का दिल रखने या अनबन से बचने के लिए ‘हां’ कहने की गलती न करें. महीने का आखिरी हफ्ता अपनी बात रखने, पैसों के मसले सुलझाने और अपनी जिम्मेदारियां शांति से बांटने के लिए सबसे बढ़िया रहेगा.
उपाय: गुरुवार के दिन केले के पेड़ पर जल चढ़ाएं और पूजा करें. इससे रिश्तों में आपसी भरोसा और मिठास बढ़ेगी.
ये भी पढ़ें-2 सितंबर को तुला राशि में जाएंगे शुक्र, इन 5 राशियों की बढ़ सकती हैं मुश्किलें!
Disclaimer: इस खबर में दी गई जानकारी ज्योतिष शास्त्र की जानकारियों पर आधारित है. टीवी9 भारतवर्ष इसकी पुष्टि नहीं करता है. किसी भी प्रकार के सुझाव के लिए astropatri.com पर संपर्क करें.
Leave a Reply