
Monthly Horoscope November 2026 All Zodiac Signs: नवंबर 2026 में किसी के लिए करियर के दरवाजे खुलेंगे, तो किसी को घर और जेब दोनों पर ज्यादा ध्यान देना होगा. महीने की शुरुआत में बुधदेव वक्री चाल में रहेंगे, यानी नया शुरू करने से ज्यादा अच्छा है कि जो काम आधा छूटा पड़ा है, उसे पूरा करें. 6 नवंबर को शुक्रदेव कन्या राशि में वक्री होंगे. इसका असर रिश्तों में, पसंद नापसंद में और खरीदारी की आदतों में साफ दिखेगा, इसलिए महंगी चीज लेने से पहले दो बार सोचें. 12 नवंबर को मंगलदेव सिंह राशि में प्रवेश करेंगे और हिम्मत बढ़ाएंगे. जो बात अब तक कहने से कतरा रहे थे, वह कह पाएंगे. 13 नवंबर से बुधदेव मार्गी होंगे तो अटकी बातचीत और रुके काम दोबारा चल पड़ेंगे. फिर 16 नवंबर को सूर्यदेव वृश्चिक राशि में आएंगे और लोग अपने काम व जिम्मेदारियों को लेकर गंभीर होंगे. कुल मिलाकर कुछ राशियों को इस बार मेहनत का अच्छा फल मिलेगा, जबकि कुछ को खर्च पर लगाम कसनी होगी और परिवार को थोड़ा ज्यादा वक्त देना होगा.
नवंबर का महीना ग्रहों की चाल में कई बदलाव लेकर आ रहा है, और इनका असर आपकी नौकरी, रिश्तों, पैसों और रोज की जिंदगी पर दिखेगा. कहीं नए मौके मिलेंगे, तो कहीं पुराने फैसलों पर दोबारा सोचना पड़ेगा. बुधदेव की बदलती चाल अधूरे कामों और रुकी बातचीत को पूरा करने का मौका देगी. शुक्रदेव वक्री होकर रिश्तों और खर्च को देखने का नजरिया बदल सकते हैं. मंगलदेव सिंह राशि में जाकर जोश और आत्मविश्वास बढ़ाएंगे, वहीं सूर्यदेव वृश्चिक में पहुंचकर लक्ष्य और जिम्मेदारियों पर फोकस करवाएंगे.
मेष राशि
इस महीने सारा खेल आपकी जुबान और सब्र का है. जितना शांत रहेंगे, काम उतने ही आसानी से बनेंगे. शुरुआत में ऑफिस के सहकर्मियों से या घर पर बहस हो सकती है. बात-बात पर तुरंत बोलने के बजाय पहले पूरी बात सुन लेंगे, तो फायदा होगा. कोई भी पेपर या एग्रीमेंट साइन करने से पहले उसे दो बार जरूर पढ़ लेंगे. 15 तारीख के आसपास दिमाग थोड़ा हल्का होगा. पढ़ाई या किसी नए काम में मन लगेगा. जो बातें पहले फंस गई थीं, उन्हें अब आसानी से सुलझा लेंगे. महीने के आखिरी दिनों में रुके हुए काम निपटाने का सही मौका मिलेगा.
पैसों के मामले में सोच-समझकर ही आगे बढ़ेंगे. नए संपर्कों से थोड़ी एक्स्ट्रा कमाई हो सकती है, लेकिन गाड़ी, घर और परिवार पर खर्चा अचानक बढ़ेगा. लोन, टैक्स और रिस्की दांव से अभी दूरी बनाकर ही रखेंगे. अगर किसी से पुरानी अनबन चल रही है, तो बैठकर शांति से बात कर लेंगे और मामला सुलझ जाएगा. स्टूडेंट्स पढ़ाई कल पर टालने की आदत छोड़ देंगे, वरना आखिरी समय में दिक्कत होगी. सेहत सही रखने के लिए टाइम पर सोएंगे और सही खाएंगे, तभी सारे काम संभाल पाएंगे.
वृषभ राशि
इस महीने काम और घर, दोनों को साथ लेकर चलना पड़ेगा. शुरू के दिनों में तो पुराने अटके काम निपटाने में ही पूरी भागदौड़ निकल जाएगी. 15 तारीख के बाद थोड़ी राहत मिलेगी. काम-धंधे में बात आगे बढ़ेगी, नए लोगों से पहचान होगी और एक नया जोश भी दिखेगा. महीने के आखिर में पार्टनरशिप वाले कामों पर ज्यादा ध्यान देना पड़ेगा. अपनी बात साबित करने का मौका तो मिलेगा, पर किसी को दिखाने के चक्कर में कोई फालतू रिस्क नहीं लेंगे. घर की जिम्मेदारियों की वजह से काम न अटके, इसलिए पहले से सब सोच-समझकर चलें.
बड़ा खर्चा करने से पहले अपनी जेब और बजट जरूर देख लें. महीने के दूसरे हिस्से में घर के सुधार या परिवार की जरूरतों पर अचानक पैसा लग सकता है. पैसों और जमीन-जायदाद के मामलों में अपने पार्टनर से साफ बात करके ही आगे बढ़ें. स्टूडेंट्स के लिए यही है कि जो विषय मुश्किल लगते हैं, उनका रिवीजन कर लेंगे तो फायदा होगा. सेहत ठीक रखनी है तो वक्त पर खाना खाएं, पूरी नींद लें और अपने रूटीन को बिगड़ने न दें.
मिथुन राशि
इस महीने करियर को लेकर दिमाग में थोड़ी उधेड़बुन रह सकती है. वैसे अपनी पुरानी गलतियों से सीखने और अपनी स्किल्स को थोड़ा और निखारने का यह बेहतरीन मौका है. महीने की शुरुआत में ऑफिस की मीटिंग्स या बातचीत में थोड़ा कन्फ्यूजन हो सकता है. पर घबराने की बात नहीं है, 15 तारीख के बाद चीजें एकदम साफ होने लगेंगी. नए लोगों से नेटवर्किंग बढ़ेगी और काम में भी बढ़िया स्पीड आएगी. महीने के बाकी दिनों में आप पुराने पेंडिंग पड़े कामों को निपटाने पर ही पूरा फोकस रखेंगे. अगर बिजनेस करते हैं, तो पुराने क्लाइंट्स से फिर से संपर्क करना आपके लिए काफी फायदेमंद साबित होगा.
पैसों के मामले में थोड़ा संभलकर चलें. कोई भी महंगी चीज खरीदने से पहले अपना बजट जरूर देख लें, क्योंकि इस दौरान ट्रैवलिंग, नए गैजेट्स या किसी कोर्स पर खर्चा हो सकता है. किसी अनजान जगह या स्कीम में पैसा लगाने से पहले अच्छी तरह जांच-पड़ताल कर लेना ही समझदारी होगी. घर-परिवार में थोड़ा सब्र बनाकर रखें. अगर पार्टनर के साथ कोई गफलत या गलतफहमी हो, तो बैठकर खुलकर बात कर लें, चीजें सुलझ जाएंगी. स्टूडेंट्स के लिए इस समय सिर्फ और सिर्फ रिवीजन पर ध्यान देना ही काम आएगा. दिमागी थकान से बचने के लिए समय पर खाना खाएं, पूरी नींद लें और काम के बीच-बीच में छोटा-मोटा ब्रेक लेते रहें.
कर्क राशि
इस महीने दफ्तर का काम और घर की जिम्मेदारियां, दोनों एक साथ सामने खड़ी रहेंगी. आपको बस दोनों के बीच बैलेंस बनाकर चलना है. हो सकता है आप अपने काम करने का तरीका बदलें. या फिर घर और ऑफिस के माहौल को थोड़ा बेहतर बनाने की सोचें. महीने के शुरू में अपनी बात किसी को समझाना थोड़ा मुश्किल लग सकता है. काम भी थोड़े धीरे चलेंगे. लेकिन 15 तारीख के बाद रुकावटें हटने लगेंगी. आपकी बात में असर दिखेगा और लोग आपकी बात मानेंगे भी. इस पूरे महीने आपका ध्यान अपनी कमाई बढ़ाने और नया हुनर सीखने पर रहेगा. आपको साफ समझ आएगा कि आज की मेहनत ही कल आपके काम आने वाली है.
पैसों के मामले में थोड़ा संभलकर चलने की जरूरत है. पुरानी बचत का हिसाब लगाएं और घर के फालतू खर्चों पर लगाम कसें. ज्यादा कमाने का मन तो बहुत करेगा, पर जल्दबाजी में आकर कोई बड़ा खर्चा न करें. लोन, इंश्योरेंस और लेन-देन के मामलों में थोड़ी सावधानी जरूर रखें. घर में किसी पुरानी बात पर फिर से बहस छिड़ सकती है, इसलिए सब्र से काम लें. महीने के आखिरी 15 दिनों में आपका मन पढ़ाई, बच्चों, रिश्तों और अपनी पसंद के कामों में ज्यादा लगेगा. पढ़ाई कर रहे लोग एक पक्का रूटीन बनाएं और बिना सोचे-समझे कोई फैसला न लें. काम चाहे जितना हो, शरीर को पूरा आराम दें ताकि थकान न हावी हो.
सिंह राशि
इस महीने आपका आत्मविश्वास बुलंद रहेगा और दफ्तर में कमान आपके हाथ में होगी. शुरुआत में मीटिंग्स, मैसेज या छोटे-मोटे कामों में थोड़ी देरी हो सकती है. इसलिए किसी से भी कोई वादा करने से पहले पूरी बात अच्छी तरह समझ लें. महीने के बीच में आपका जोश दोगुना हो जाएगा. आप आगे बढ़कर फैसले लेंगे और अपनी पहचान बनाएंगे. जो काम रुके हुए थे, वे फिर से शुरू हो सकते हैं. अगर आप पार्टनरशिप में बिजनेस करने की सोच रहे हैं, तो यह सही समय है. बस अपने साझेदारों को सोच-समझकर चुनें और सब काम पहले से तय कर लें.
पैसों के मामले में पुराने बजट को एक बार फिर देखना जरूरी है. महीने के शुरुआती दिनों में सफर, घर की जरूरतों या परिवार पर थोड़ा खर्चा बढ़ सकता है. बाद में आपका मन खुद पर या किसी नए काम में पैसा लगाने का करेगा, इसलिए जेब का ख्याल रखें. महीने के दूसरे हिस्से में घर, जमीन-जायदाद और परिवार से जुड़े मुद्दे आपके सामने आ सकते हैं. पैसों या जिम्मेदारियों को लेकर अपनों से शांति से बात करें, बात बन जाएगी. स्टूडेंट्स के लिए रोज पढ़ाई करना ही फायदेमंद रहेगा. सेहत सही रखनी है तो अपनी दिनचर्या अच्छी रखें, इससे दिनभर एनर्जी बनी रहेगी.
कन्या राशि
इस महीने अगर थोड़ा सोच-समझकर चलेंगे, तो मेहनत रंग जरूर लाएगी. शुरुआत में ऑफिस में थोड़ा काम अटक सकता है या पैसों की बात पर खिचड़ी पक सकती है. पर 15 तारीख के बाद सब ठीक होने लगेगा और काम में तेजी आएगी. महीने के दूसरे हिस्से में नए लोगों से संपर्क बनेगा और कुछ नया सीखने को मिलेगा. अगर पार्टनरशिप में काम करते हैं, तो पैसों और जिम्मेदारी का हिसाब पहले ही साफ रखें ताकि बाद में झिक-झिक न हो.
पैसों के मामले में हाथ थोड़ा खींचकर ही चलें. फँसे हुए पैसों के लिए पीछे लगे रहें, तभी बात बनेगी. कपड़े या दिखावे पर फालतू खर्चा न करें. महीने के बीच में अचानक सफर या घर के किसी काम में पैसा लग सकता है. मूड खराब हो तो शॉपिंग करने न निकलें. घर-परिवार या रिश्तों में जो भी बात हो, सीधे साफ कह दें, बात मन में रखेंगे तो गलतफहमी बढ़ेगी. पढ़ने वाले बच्चे पुरानी गलतियों से सीखें और एक रूटीन बनाकर पढ़ें. काम अपनी जगह है, लेकिन सेहत का ध्यान रखें और नींद पूरी लें.
तुला राशि
तुला राशि वालों के लिए इस महीने की शुरुआत थोड़ी भागदौड़ भरी रह सकती है. ऐसे में जल्दबाजी में कोई भी कदम न उठाएं. थोड़ा सा ठहरिए, खुद को वक्त दीजिए और आराम से सोचिए. 15 तारीख के बाद चीजे बदलने लगेगी. अटके हुए काम अपने आप रफ्तार पकड़ लेंगे. नए-नए लोगों से मुलाकात होगी, दोस्तों और सहकर्मियों के साथ काम करने में मजा आएगा और आगे की प्लानिंग पर ध्यान जाएगा. अगर आप कारोबार करते हैं, तो किसी के साथ हाथ मिलाने से पहले लेन-देन और जिम्मेदारियों की बात खुलकर सामने रख लें.
सैर-सपाटे, आराम और खरीदारी पर थोड़ा ज्यादा खर्च हो सकता है. इसलिए थोड़ा हाथ संभालकर ही चलें. वैसे, किसी नए संपर्क या किसी एक्स्ट्रा काम से दो पैसे कमाने का मौका भी जरूर मिलेगा. महीने के आखिरी दिनों में आपका पूरा ध्यान बचत बढ़ाने और परिवार के पैसों को सुरक्षित करने पर रहेगा. पुराना उधार या कर्ज टालने के बजाय उसे निपटा देने में ही समझदारी है. पढ़ाई करने वालों के लिए रिवीजन करना इस वक्त सबसे फायदेमंद रहेगा. दोस्तों के साथ मिलकर पढ़ने से बात जल्दी समझ आएगी, लेकिन एक साथ ढेरों किताबें खोलकर न बैठें. अपना एक सही टाइम-टेबल बनाकर चलें, इससे आपकी सेहत भी बढ़िया रहेगी और पढ़ाई का तनाव भी नहीं रहेगा.
वृश्चिक राशि
वृश्चिक राशि वालों का पूरा ध्यान इस बार काम पर रहने वाला है. ऑफिस में कोई नया प्रोजेक्ट हाथ में आए तो उसे बोझ न समझें, यही आपकी पहचान बनाएगा. टीम लीड करने का मौका भी मिल सकता है. हां, शुरू के कुछ दिन थोड़ा चौकन्ना रहना होगा. लंच टाइम पर किसी सहकर्मी से कही गई बात कहीं और पहुंच जाए, ऐसा न हो. फाइल हो या ईमेल, भेजने से पहले एक बार और पढ़ लें. जो काम पिछले महीने से अटका है, उसे पहले खत्म करें. पंद्रह तारीख के आसपास से माहौल बदलेगा और बात करना आसान लगेगा. आखिरी हफ्तों में मीटिंग में आप खुलकर बोलेंगे और लोग सुनेंगे भी.
खर्च की बात करें तो घर की कोई मरम्मत, किसी शादी ब्याह में जाना या पुरानी किस्त, सब एक साथ सिर पर आ सकते हैं. ऐसे में डायरी या मोबाइल में हर खर्च नोट करते चलें. कोई दोस्त कहे कि फलां स्कीम में पैसा डबल हो जाएगा, तो सीधे हामी न भरें. पहले खुद पता करें. घर में किसी बात पर मनमुटाव हो तो चुप रहकर गुस्सा पालने से बेहतर है कि बैठकर बात कर लें. बच्चे या छात्र जिस विषय से डरते हैं, उसे रोज आधा घंटा जरूर दें. और हां, काम कितना भी हो, रात को देर तक लैपटॉप खोले बैठे रहने की आदत छोड़ें.
धनु राशि
धनु राशि वालों के मन में यह सवाल इस बार बार बार आएगा. बॉस के साथ रिश्ता कैसा है, टीम में आपकी कितनी कद्र है, इन बातों पर आप गंभीरता से सोचेंगे. शुरुआती दिनों में किसी मीटिंग में आपकी बात का उल्टा मतलब निकाला जा सकता है. इसलिए जो भी तय हो, उसे व्हाट्सएप या मेल पर लिखवा लें. महीने के बीच से चीजें सुलझने लगेंगी. आगे की पढ़ाई, कोई ट्रेनिंग या दूसरे शहर जाने का मौका भी बन सकता है. लेकिन गुस्से में इस्तीफा लिखकर न रख दें. पहले दूसरी जगह बात पक्की करें.
पैसों में इस बार झटके लग सकते हैं. गाड़ी अचानक खराब हो जाए या किसी रिश्तेदार को मदद चाहिए, ऐसे खर्च बिना बताए आते हैं. थोड़ा पैसा अलग रखें. नया लोन लेने से पहले देख लें कि पुरानी ईएमआई, बीमे का प्रीमियम और टैक्स मिलाकर हर महीने कितना जा रहा है. कोर्स की फीस या सफर पर भी पैसा लगेगा. महीने के दूसरे हिस्से से बचत पर ज्यादा जोर दें. शेयर में टिप्स सुनकर पैसा लगाना इस बार भारी पड़ सकता है. घर वालों से भविष्य की प्लानिंग पर बात हो तो आवाज ऊंची न करें. छात्र कोई फॉर्म भरने से पहले आखिरी तारीख कैलेंडर में मार्क कर लें.
मकर राशि
मकर राशि के लोगों के लिए यह महीना पुराने काम दोबारा उठाने का है. कोई क्लाइंट जिससे महीनों से बात नहीं हुई, अचानक फोन कर सकता है. रुकी हुई मंजूरी भी आगे बढ़ सकती है. पर किसी एग्रीमेंट पर साइन करने में जल्दी न करें. शर्तें पढ़ें, समझ न आए तो पूछें, इसमें शर्म कैसी. पहले पंद्रह दिन थोड़े धीमे लगेंगे. उसके बाद काम में गति आएगी. टीम के साथ मिलकर कोई बड़ा काम निकल सकता है. किसी पुराने बॉस या सीनियर को एक कॉल कर लें, उनकी एक सलाह कई दिनों की उलझन खत्म कर सकती है. बिजनेस वाले उसी के साथ हाथ मिलाएं जिसका रिकॉर्ड साफ हो.
ज्यादा कमाने की इच्छा रखना गलत नहीं, मगर ऑनलाइन सेल देखकर कार्ट भरने से पहले रुकें. महीने के मध्य के बाद लोन, टैक्स और बीमे के कागज निकालकर एक बार देख लें. भाई बहन के साथ कोई साझा खर्च चल रहा हो तो उसका हिसाब भी साफ रखें. बच्चों की फीस या घूमने का बजट फिर से बनाना पड़ सकता है. बड़ा निवेश करना है तो किसी सीए या जानकार से पूछ लें. घर में पैसों को लेकर बहस हो तो पलटकर जवाब देने से पहले पूरी बात सुनें. छात्र पुराने नोट्स निकालें और टाइम टेबल दीवार पर लगा दें. रविवार का कुछ वक्त सिर्फ अपने लिए रखें.
कुंभ राशि
कितने दिनों से कोई काम सोच रहे हैं कि कल कर लेंगे? कुंभ राशि वालों के लिए यही महीना उन्हें निपटाने का रहने वाला है. काम की लिस्ट बनाएं और हर काम पूरा होते ही उसे काटते जाएं, अच्छा लगेगा. शुरुआत में फोन पर हुई बातें, ट्रेन या फ्लाइट की बुकिंग और जरूरी दस्तावेज ज्यादा ध्यान मांगेंगे. आधार या पैन में कुछ सुधार बाकी है तो अभी करवा लें, बाद में भागदौड़ बढ़ेगी. मध्य के बाद चीजें साफ दिखेंगी. आखिरी हिस्से में ऑफिस में आपके काम की चर्चा होगी और कोई नई जिम्मेदारी मिल सकती है. व्यापारी पुराने ग्राहकों को फोन करें, वहीं से नया काम निकलेगा. सब कुछ एक साथ बदलने की जिद न करें.
एक शाम बैठकर पिछले महीने का पूरा खर्च जोड़ें. राशन, बिजली का बिल, खाने का ऑर्डर, ऑनलाइन शॉपिंग, सब. आंकड़ा देखकर खुद चौंक सकते हैं. जीवनसाथी या पार्टनर के साथ लोन और बीमे जैसे मामलों पर खुलकर बात करें, छुपाने से बात बिगड़ेगी. कोई कागज बिना पढ़े साइन न करें. महीने के मध्य के बाद किसी साझा जिम्मेदारी पर जरूरी बातचीत हो सकती है. रिश्तों में धैर्य रखें, पर जहां कोई आपकी बात को हल्के में ले रहा हो, वहां साफ मना करना भी सीखें. छात्र किसी भी आवेदन में नाम की स्पेलिंग और फोटो दो बार चेक करें. व्यस्तता में भी खाना समय पर खाएं.
मीन राशि
मीन राशि वाले महीने की शुरुआत में कुछ उलझे रह सकते हैं. अधूरे काम, कोई गोपनीय बात और ढेर सारी कागजी कार्यवाही, सब एक साथ सामने आएगा. किसी को हां कहने से पहले पूरी बात समझ लें, वरना बाद में फंस जाएंगे. ऑफिस की अंदर की खबरें घर या दोस्तों में न सुनाएं. बैंक, अकाउंट्स, रिसर्च या कंसल्टेंसी में काम करते हैं तो इस बार आपकी बारीक नजर ही आपकी ताकत बनेगी. महीने के बीच से अटके मामले सुलझेंगे. बाद के दिनों में कुछ नया सीखने या काम के लिए बाहर जाने का मौका मिल सकता है. रोज के काम बढ़ेंगे, तो सुबह ही तय कर लें कि आज सबसे जरूरी क्या है.
किसी को दिया पुराना उधार याद आएगा, और शायद कोई आपसे भी अपना पैसा मांगे. लोन, टैक्स और बीमे की बातें भी चलती रहेंगी. किसी देनदारी पर परिवार या पार्टनर के साथ बैठना पड़ सकता है. दोस्त कहे कि लोन में गारंटर बन जाओ, तो भावुक होकर तुरंत हामी न भरें. घूमने और शौक पर खर्च एक सीमा में रखें. पार्टनरशिप में किसकी क्या उम्मीद है, इस पर खुलकर बात करें, पुरानी खटास भी कम होगी. छात्र कॉलेज चुनने से पहले वहां पढ़ चुके किसी सीनियर से बात कर लें. काम उतना ही लें जितना संभल सके, और नींद से समझौता न करें.
Leave a Reply